रूरा। इंजुवारामपुर अंडरपास पर कोल्ड स्टोर में आलू रखने आ रहे किसानों के साथ रंगदारी मांगने को लेकर विवाद हो गया। मारपीट में तीन किसान समेत 5 लोग घायल हो गए। शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
कहिंजरी क्षेत्र के ग्राम दानी निवादा निवासी अर्पित कुमार, अरुण कुमार व बीरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह गांव से कोल्ड स्टोरेज में रखने के लिए ट्रैक्टर में लादकर आलू ला रहे थे। आरोप लगाया कि आलू लदे ट्रैक्टर गेंदामऊ से इंजुवारामपुर मार्ग की ओर मुड़ें तो पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने आलू लदे तीनों ट्रैक्टर रोकवा लिए। इसके बाद रुपयों की मांग शुरू कर दी। रंगदारी वसूली का विरोध किया तो मारपीट कर घायल कर दिया। इधर किसानों संग हुई मारपीट की सूचना पर चेयरमैन रामजी गुप्ता पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसानों से रंगदारी की वसूली की जा रही है। थानाध्यक्ष देव नारायण द्विवेदी ने बताया कि किसानों की शिकायत पर समुदाय विशेष के तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है।