अवैध मौरंग खनन करते ट्रैक्टरों को पकड़ने पर हुआ विवाद
अवैध मौरंग खनन को लेकर यूपी100 टीम और जलालपुर थाना पुलिस आमने-सामने आ गई है। 100 टीम प्रभारी ने कहा कि खुद थानाध्यक्ष अवैध खनन में लिप्त हैं। मामला यूपी के हमीरपुर जिले का है।
सोमवार को यूपी100 टीम की गाड़ी 1242 के प्रभारी राधाकांत शुक्ला ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि हमीरपुर सरीला के जलालपुर गांव के पास बेतवा नदी से अवैध मौरंग खनन हो रहा है। टीम को मौके पर दो मौरंग से लदे ट्रैक्टर ट्राली व दो खाली ट्रैक्टर ट्राली मिले। टीम को देखते ही खाली चालक ट्रैक्टर ट्राली को लेकर भाग गए। उन्होंने बताया कि जब मौरंग से लदे ट्रैक्टर ट्राली चालकों से खनन की जानकारी ली तो वह कुछ नहीं बता सके। तो उन्हें थाना जलालपुर ले जाया गया।
टीम प्रभारी का आरोप है कि ट्रैक्टर ट्राली देखते ही थानाध्यक्ष स्वामीनाथ आग बबूला हो गए और टीम को दोबारा नदी की तरफ न जाने तक की हिदायत दे दी। जिसकी सूचना उन्होंने उच्चाधिकारियों को भी दे दी है। टीम प्रभारी का यह भी आरोप है कि खुद थानाध्यक्ष अवैध खनन में लिप्त हैं और मौके पर पहुंचे कुछ असलहाधारियों ने भी उनके साथ अभद्रता की है।
उधर, थानाध्यक्ष स्वामीनाथ का कहना है कि टीम द्वारा पकड़े गए ट्रैक्टर ट्रालियों को सीज कर दिया गया है और पकड़े गए लोगों के विरुद्ध अवैध खनन का मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने टीम प्रभारी से किसी तरह की बात नहीं कही गई है। उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। हालांकि मामले की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी एस. वैभव पांडेय भी थाना जलालपुर पहुंच गए हैं और मामले की जानकारी में जुटे हुए हैं।