हरदोई में सुरसा थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या कर शव झाड़ी में फेंकने की घटना का खुलासा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही कर दिया। गांव में आई बरात के दूल्हे के फुफेरे भाई ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव फेंका था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
गुरुवार की रात सुरसा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की सात वर्षीय बच्ची गांव में आई बरात देखने गई थी। इसके बाद वह लापता हो गई थी और उसका शव शुक्रवार सुबह गांव में ही एक धार्मिक स्थल के निकट झाडिय़ों में पड़ा मिला था।
बच्ची के पिता ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की रिपोर्ट अज्ञात के विरुद्ध सुरसा थाने में दर्ज कराई थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। सुरसा थाने की पुलिस मामले का खुलासा करने में घटना के बाद से ही लग गई थी।
एसपी आलोक प्रियदर्शी के मुताबिक गुरुवार रात आई बरात में मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कंथरी निवासी विनोद कुमार चौरसिया पुत्र सुंदरलाल भी शामिल था। एसपी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि विनोद शादी में आई सात वर्षीय बच्ची को चाउमीन देने के बहाने अपने पास बुलाया।
इसके बाद वह बच्ची को लेकर गांव में स्थित एक धार्मिक स्थल के पीछे चला गया। वहीं उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के बेहोश हो जाने पर उसने गला दबाकर बच्ची की हत्या कर दी।
पुलिस ने विनोद को महुरा कला तिराहे के पास स्थित शराब के ठेके के निकट से गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि विनोद ने अपना अपराध स्वीकार किया है। एसपी ने 24 घंटे के अंदर ही घटना का खुलासा करने के लिए सुरसा की पुलिस टीम को दस हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
चार साल पहले हत्यारोपी की बेटी की भी हुई थी हत्या
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक हत्यारोपी विनोद कुमार चौरसिया की पुत्री की भी हत्या संदिग्ध हालात में हो गई थी। अब से लगभग चार वर्ष पहले मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कंथरी में उसकी पुत्री पूजा (8) का शव पड़ा मिला था। इस मामले में हत्या के आरोप में गांव निवासी नन्हक्के जेल भी गया था। मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
गाजे बाजे के शोर में दब गई चीखें
पुलिस को पूछताछ के दौरान विनोद ने बताया कि दुष्कर्म के दौरान बच्ची काफी देर तक चीखती चिल्लाती रही, लेकिन शादी में बज रहे डीजे और अन्य गाजे बाजे के शोर में उसकी चीखें दब कर रह गईं। इसके बाद बच्ची बेहोश हो गई। बेहोश होने पर विनोद ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।