कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में रूठी पत्नी को मनाने और उसे घर ले जाने के लिए ससुराल आए एक युवक ने विवाद होने पर खुद को मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने से युवक की मौत हो गई। आज युवक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने जीटी रोडपर शव रखकर हंगामा करना शुरु कर दिया। मृतक बिल्हौर थाना क्षेत्र के डोरवा जमौली का निवासी था।
बता दें कि कानपुर में रूठी पत्नी को मनाने और उसे घर ले जाने के लिए ससुराल आए एक युवक ने विवाद होने पर खुद को मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली थी। सास ससुर ने बचाने की कोशिश की तो वह भी झुलस गए थे। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले वालों ने आकर आग बुझाई और पुलिस की मदद से तीनों को एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया था।
घटना शास्त्रीनगर में छोटा सेंट्रल पार्क के पास हुई थी। बिल्हौर थाना क्षेत्र के डूडवा जरौली गांव में रहने वाले निजी फर्म कर्मी संजय श्रीवास्तव की शादी 13 साल पहले शास्त्री नगर निवासी विजय कुमार श्रीवास्तव की बेटी शिप्रा से हुई थी। दोनों की दो बेटे 12 वर्षीय उदय व 9 वर्षीय तुषार हैं। पुलिस के मुताबिक 5 साल से संजय का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था।