कंपटीशन के चलते मंगलवार शाम को कानपुर के काकादेव में कोचिंग संचालक को गोली मार दी गई। हेलमेट पहने बाइक सवारों ने उन पर पिस्टल (.32 बोर) से दो गोलियां चलाईं। एक गोली जबड़े में फंस गई। ऑपरेशन के बाद गोली निकाल दी गई है। इस बीच थोड़ी देर के लिए होश में आए कोचिंग संचालक ने अपने एक पूर्व पार्टनर पर ही हमला कराने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मूलरूप से कुशमरा, जालौन निवासी संतोष दिवोलिया के बेटे अभिषेक (35) ने आईआईटी धनबाद (झारखंड) से 2009 में बीटेक किया था। इसके बाद वे एम ब्लॉक काकादेव स्थित मनसा अपार्टमेंट में बड़े भाई संजीव, भाभी व चचेरे भाई अनिरुद्ध के साथ रहने लगे। अनिरुद्ध के मुताबिक अभिषेक की एम ब्लॉक में नीट फिजिक्स एक्सपर्ट नाम से कोचिंग है। शाम करीब छह बजे अभिषेक कोचिंग पढ़ाकर कार से घर लौट रहे थे। अपार्टमेंट के बाहर कार खड़ी करते ही बाइक से पहुंचे दो बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं।
एक गोली उनके जबड़े में लगी तो वे जान बचाकर फ्लैट की तरफ दौड़ पड़े। अंदर आकर वे गिर पड़े। इसके बाद अभिषेक को रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर सीओ कल्याणपुर राजेश पांडेय और थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। मनसा अपार्टमेंट के सामने वाले अपार्टमेंट के चौकीदार राजीव ने पुलिस को बताया कि बदमाश हेलमेट लगाए थे। इस कारण पहचानना मुश्किल है। पुलिस को मौके से दो खोखे मिले हैं। एसएसपी अनंत देव ने बताया कि अभिषेक ने जिस पूर्व पार्टनर पर आरोप लगाया है, पुलिस उसकी तलाश में गई है। उससे पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अभी तक की जांच में कोचिंग प्रतिस्पर्धा में हमले की बात सामने आ रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।