कानपुर देहात। बाल दिवस पर माती स्थित पुलिस लाइंस में एसपी व सीओ की टीम के बीच क्रिकेट मैच हुआ। इसमें एसपी की टीम कप्तान इलेवन को सीओ सदर की टीम लाइन एकादश ने 31 रनों से हराया। टीम को एसपी की पत्नी ने शील्ड देकर पुरस्कृत किया।
पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन पर पुलिस लाइन माती में क्रिकेट प्रतियोगिता कराई गई। इसमें एसपी केशव कुमार के नेतृत्व लाली कप्तान इलेवन टीम में एएसपी घनश्याम चौरसिया, सीओ भोगनीपुर समेत अन्य पुलिस कर्मी थे।
सीओ सदर अरुण कुमार सिंह की टीम लाइन एकादश ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 16 ओवर में टीम ने 113 रन बनाए। इसमें कांस्टेबिल राहुल ने चार छक्के लगाकर टीम को मजबूत स्थित में पहुंचाया।
प्रशिक्षु सिपाही प्रेमपाल ने लाइन एकादश की टीम के पांच विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। वहीं इसके जवाब में उतरी एसपी की टीम 14 ओवर में 82 रन बनाकर आल आउट हो गई। एसपी एक रन बनाकर कैच आउट हो गए।
वहीं एएसपी चार रन बनाकर आउट हो गए। दर्शकों ने शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का ताली बजा कर हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता के समापन पर एसपी केशव कुमार चौधरी की पत्नी प्राची चौधरी ने विजयी टीम को शील्ड देकर पुरस्कृत किया। हारी टीम को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
शानदार गेंदबाजी करने में हारी हुई टीम के प्रेमपाल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता के समापन पर एसपी केशव कुमार चौधरी ने कहा कि खेल से तन व मन दोनों स्वस्थ रहते हैं।
पुलिस की व्यस्त दिनचर्या के बावजूद समय निकल कर खेलना जरूरी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों की प्रशंसा की। इस मौके पर कुलदीप सिंह, पंकज सिंह, राहुल कुमार, अक्षय शर्मा, अजीत कुमार, रोहित कुमार, गोविंद, सौरभ पटेल, उमेश कुमार पुष्पेंद्र सिंह आदि खिलाड़ी मौजूद रहे।