कानपुर के बिल्हौर थाने में तैनात सिपाही देश दीपक की दो जून को ब्रह्मनगर स्थित उसके कमरे में गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बिहार के सीवान निवासी प्रेमिका और उसके भतीजे को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। हत्यारोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खाली प्लॉट से आलाकत्ल चापड़ और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
देश दीपक वर्ष 2019 से बिल्हौर थाने में तैनात थे। उनकी इसी साल 22 अप्रैल को शादी हुई थी। दीपक की हत्या के बाद एडीजी जोन भानु भास्कर ने सर्विलांस समेत छह टीमें लगाई थीं। सर्विलांस की मदद से सिपाही के कई युवतियों से प्रेम संबंधों का पता चला था। इनमें सीवान निवासी युवती की लोकेशन घटना के दिन शहर में ही मिली।
पुलिस ने सीवान बड़वाखुर्द निवासी लालसा कुमारी उर्फ लल्ली व बिहार, सारण मसरख दक्षिण टोला निवासी उसके भतीजे अभिषेक कुमार साहनी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने हत्या कबूली। उनके पास से सिपाही का मोबाइल भी बरामद किया गया। एसपी आउटर ने राजफाश करने वाली टीम को 50 हजार के इनाम की घोषणा की है।