कानपुर देहात की अकबरपुर सीट पर कांग्रेस ने अपने पूर्व सांसद राजाराम पाल को अधिकृत रूप से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। 2009 में यहां से पार्टी के सांसद रहे पाल वर्ष 2014 के चुनाव में मोदी लहर के चलते तीसरे स्थान पर रहे थे। भाजपा के देवेंद्र सिंह भोले पहले और बसपा के अनिल शुक्ल वारसी दूसरे स्थान पर रहे थे।
कुर्मी और पाल बहुल सीट पर वोटों के समीकरण साधने के लिए पार्टी ने फिर राजाराम पर भरोसा जताया है। दो दिन पूर्व जारी एक सूची में अकबरपुर से पाल को टिकट दिए जाने की सूचना प्रसारित हुई थी। इस सूची को अधिकृत नहीं माना गया था। बृहस्पतिवार को पार्टी की अधिकृत सूची जारी होते ही पाल समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
पाल ने कहा कि उन्हें भले ही टिकट बृहस्पतिवार को मिला हो, लेकिन वह बीते पांच वर्षों से क्षेत्र में चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी आलाकमान और क्षेत्र की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। बर्रा 2 के रहने वाले पाल अकबरपुर से दो बार सांसद रह चुके हैं। वहीं उन्नाव सीट से अन्नू टंडन, जालौन् से ब्रिज लाल और फर्रुखाबाद से सलमान खुर्शीद पर कांग्रेस ने भरोसा जताया है।
पाल ने 1999 में बसपा ज्वाइन कर राजनीतिक सफर शुरू किया था। बसपा ने 2004 में लोकसभा का टिकट दिया था। पाल ने धमाकेदार जीत हासिल की। बसपा से निष्कासन के बाद उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा। 2009 में कांग्रेस उन्हें अकबरपुर सीट से टिकट दिया था। उन्होंने एक बार फिर जीत हासिल की।