जागरण समूह के चेयरमैन योगेन्द्र मोहन का शुक्रवार को निधन हो गया। योगेन्द्र मोहन के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताया है।
जागरण समूह के चेयरमैन तथा जागरण परिवार के मुखिया व संरक्षक योगेन्द्र मोहन का शुक्रवार को कानपुर में निधन हो गया। उनकी अंत्येष्टि शनिवार को कानपुर में ही गंगा नदी तट पर पूर्वाह्न में होगी। 83 वर्षीय योगेन्द्र मोहन बीमार चल रहे थे। उन्होंने शुक्रवार सुबह एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
विज्ञापन
योगेन्द्र मोहन के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने अपने शोक संदेश में कहा- 'दैनिक जागरण समूह के चेयरमैन श्री योगेंद्र मोहन गुप्त जी का निधन अत्यंत दुःखद है। हिंदी समाचार पत्रों के व्यापक प्रसार के साथ-साथ शैक्षिक प्रकल्पों में भी उनका विशिष्ट योगदान रहा। उनके परिवारजन तथा प्रशंसकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।
वहीं प्रधानमंत्री ने लिखा कि दैनिक जागरण समूह के चेयरमैन योगेन्द्र मोहन गुप्ता जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनका जाना कला, साहित्य और पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ऊं शांति!