पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन बिठूर स्थित श्री गंगा वैली में बिठूर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर एक मोहम्मदपुर की बूथ समिति और ग्रामीण क्षेत्र के तीन विधानसभा क्षेत्रों की संचालन समिति की बैठक ली। उन्होंने कहा कि बूथ समिति के सदस्य, अध्यक्ष और पन्ना प्रमुख अपने आप को मोदी, योगी का ध्वजवाहक मानकर बूथ पर काम करें।
बूथ समिति की माह में एक बार बैठक कर किए गए कामों की समीक्षा करें और आगे के कार्यक्रमों की योजना बनाएं। बूथ लाभार्थियों की सूची बनाकर पन्ना प्रमुख एक-एक मतदाता से संपर्क करे। प्रचार प्रसार की कार्य योजना बनाएं। अपने बूथ को सर्वश्रेष्ठ बूथ बनाने के लिए निचले स्तर तक संपर्क करना जरूरी है। महिलाओं से संपर्क के लिए कम से कम दो महिला कार्यकर्ताओं को तैयार करें।
राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने कहा कि बूथ नंबर एक को चुनाव में भी एक नंबर बनाकर रखें। साथ ही बूथ में रहने वाले प्रतिष्ठित लोगों से संपर्क रखें। ग्रामीण जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों की संचालन समिति की बैठक में बीएल संतोष ने सभी का परिचय लिया। दोनों बैठकों की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, संचालन जिला प्रभारी आनंद सिंह और धन्यवाद मंडल अध्यक्ष पुष्कर शुक्ला ने किया। इस दौरान प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी सांसद सुधीर गुप्ता, क्षेत्र प्रभारी प्रियंका सिंह रावत, जिला अध्यक्ष कृष्ण मुरारी शुक्ला, बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा मौजूद रहे।
44 विधायकों व सांसदों संग जीत के मूलमंत्र पर की चर्चा
बीएल संतोष ने मिशन-2022 के मद्देनजर कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सांसद, विधायकों और विधानसभा प्रभारियों के साथ स्टेटस क्लब कैंट में बैठक की। उन्होंने कहा कि जनता, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय ही जीत का मूलमंत्र है। पार्टी के सभी नेेता-कार्यकर्ताओं को आपसी मनमुटाव भुलाकर मिशन 2022 में जुटना है।
इस बार पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतनी हैं। सांसद सत्यदेव पचौरी, देवेंद्र सिंह भोले, अशोक रावत के अलावा विधायक भगवती सागर, सुरेंद्र मैथानी, अभिजीत सिंह सांगा, महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार सहित 44 विधायकों ने कार्यक्रम में शिरकत की। बीएल संतोष ने कहा कि सांसद अपनी भूमिका का निर्वहन करें। विधायक भी केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को गांव, कस्बों या मोहल्लों में चौपाल लगाकर आमजन तक पहुंचाएं।
धार्मिक और पारिवारिक उत्सवों में उपस्थित दर्ज कराकर आमजन से भी नाता जोड़ें। इसमें सफल होने का मतलब अगले साल 350 से अधिक सीटों पर भाजपा का कब्जा होगा। बीएल संतोष ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि इसकी शुरुआत मतदाता सूची संवर्धन से करेंगे। बस्तियों और बूथों पर कैंप लगाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाएं।