उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में भाजपा की जिला पंचायत सदस्य श्वेता सिंह गौर की मौत के मामले में पिता धर्मवीर सिंह ने तहरीर दी। इस पर पति दीपक सिंह गौर और ससुर रिटायर्ड डीआईजी आरबी सिंह समेत सास व जेठ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तो वहीं, श्वेता सिंह का एक व्हाट्सएप मैसेज वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मरने से पहले श्वेता सिंह ने अपने भाई को मैसेज किया था।
श्वेता सिंह ने मैसेज में लिखा कि इन दिनों अगर मेरे साथ कुछ होता है, तो इन सबका जिम्मेदार दीपक सिंह होगा। मैं जिंदा रही तो मिलूंगी नहीं, मैं आने वाले समय के लिए अब किसी से कुछ नहीं कह पाऊंगी। मैं टूट गई हूं, मुझे रोज-रोज सताया जा रहा है। इतना टॉर्चर किया जा रहा है कि मुझे लगता है कि मैं खुद ही कुछ कर लूं। वहीं, भाई ने कहा कि तुम ऐसा-वैसा कुछ सोचना भी मत और एक इमेज मैसेज भेजा। इसमें लिखा था, हिम्मत मत खोना अभी बहुत आगे जाना है, जिन्होंने कहा था तेरे बस का नहीं, उनको भी करके दिखाना है।