उत्तर प्रदेश में आगामी विधान सभा चुनाव को लेकर भाजपा ने भी तैयारियां शुरु कर दी हैं। बुंदेलखंड क्षेत्र के विधानसभा व जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों को बैठक के दौरान अमित शाह ने हिदायत दी कि वे आपसी मनमुटाव को खत्म करके सिर्फ पार्टी की जीत के लिए काम करें।
कानपुर में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रभारियों, जिलाध्यक्षों की बनारस में हुई बैठक में पार्टी के लोगों को स्पष्ट बता दिया कि विधानसभा चुनाव में किसी भी सीट से कोई भी चेहरा प्रत्याशी बनाया जा सकता है।
विज्ञापन
शाह की इस बात से पार्र्टी के उन विधायकों और दावेदारों को बड़ा झटका लगा है जो इस बात को लेकर अभी तक आश्वस्त थे कि वे ही पार्टी की पहली पसंद हैं। बैठक में शामिल होने गए कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के विधानसभा व जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों को उन्होंने हिदायत दी कि वे आपसी मनमुटाव को खत्म करके सिर्फ पार्टी की जीत के लिए काम करें।
कहा कि सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता आपसी बैर भाव को एक बक्से में बंद करके उसे जमीन में दबा दें। कहा कि हमें इस बात को भी सोचकर काम करना है कि किसी भी सीट पर कोई भी चुनाव मैदान में उतारा जाए, उसकी जीत ही एक लक्ष्य होना चाहिए। बैठक से लौटे पदाधिकारियों के बीच यह भी चर्चा है कि जल्द ही कुछ पदाधिकारी अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। दरअसल जो टिकट मांग रहे हैं, उन्हें पद से इस्तीफा देने को कहा गया है।