कानपुर में ड्रोन के लिए कंपोनेंट (उपकरण) बनने लगे हैं। युवा डिफेंस उद्यमी की स्टार्टअप कंपनी डेटम एडवांस कंपोजिट ने काम शुरू कर दिया है। आईआईटी स्थित कंपनी ने आर्डर भी दिए हैं। जल्द ही बिल्हौर में भी प्लांट लगाने की तैयारी है। यहां पर सबमरीन, मिसाइल, विंड टरबाइन, एयरोस्पेस में इस्तेमाल आने वाले कंपोजिट मैटीरियल कंपोनेंट बनेंगे।
युवा उद्यमी ने इसी साल फरवरी में बेंगलुरु में हुए एयरो इंडिया शो 2021 में उप्र एक्सप्रेस वे इंडस्ट्रियल डेवलेपमेंट अथॉरिटी के साथ मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) साइन किया था। पांडु नगर में रहने वाले उद्यमी तन्मय तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को एमओयू साइन करने वाले उद्यमियों के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने बैठक की थी।
इसमें आगे की योजनाओं पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी ने शुरुआत कर दी है। पहले चरण में काकादेव में कार्यशाला बनाई गई है। इसमें अभी अत्याधुनिक ड्रोन के लिए कंपोनेंट बनने लगे हैं। आर्डर भी मिलने लगे हैं। इस दौरान कंपनी के चेयरमैन डॉ. राजीव कुमार तिवारी, वाइस चेयरमैन वीना तिवारी मौजूद रहीं।
मई 2020 में बनाई थी कंपनी
यूके की स्वांसी यूनिवर्सिटी से एयरोस्पेस में एमटेक करने वाले तन्मय ने 26 मई 2020 में डेटम एडवांस कंपोजिट कंपनी की स्थापना की थी। जो इंजीनियरिंग और डिजाइन के क्षेत्र में काम कर रही है। कंपोजिट मैटीरियल का इस्तेमाल एयरोस्पेस डिफेंस के सेक्टर के अलावा आटोमोटिव सेक्टर में किया जाता है।