कानपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को बाबा बिरयानी के तीन रेस्टोरेंट समेत छह खाद्य प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। सभी नॉनवेज रेस्टोरेंट हैं। टीम ने 8 जून को इनके यहां से सैंपल एकत्र किए थे, जिनकी जांच आगरा स्थित खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला में की गई थी।
दो दिन पहले आई आठ सैंपलों की रिपोर्ट में सामने आया कि इन रेस्टोरेंट में परोसे जाने वाली बिरयानी के चावल में कलर के लिए हानिकारक केमिकल मिलाया जा रहा था, जिसे फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भी बैन कर रखा है।
एडीएम सिटी अतुल कुमार ने बताया कि सैंपलों में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक केमिकल मिलने की पुष्टि के बाद मुख्तार अहमद बाबा के नवीन मार्केट स्थित जेजे फूड, रेव मोती स्थित बाबा बिरयानी और स्वरूप नगर के बाबा बिरयानी रेस्टोरेंट को सील किया है। इसके अलावा सैंपल फेल होने पर काकादेव का अली बाबा फूड, परेड का अलहुदा फूड सेंटर और जायका फूड को भी सील कर दिया गया है।