औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के 207 माइल स्टोन पर रात लगभग तीन बजे ऐरवाकटरा की तरफ जा रहे डंपर के चालक के अचानक से ब्रेक लगाने पर तेज गति से आ रहा ट्रक पीछे से जा घुसा। जिससे ट्रक चालक समेत दो लोगों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों को 50 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक को मौके पर मृत घोषित कर दिया।
जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ट्रक मालिक चंद्रशेखर निवासी ऐरवाकटरा ने बताया कि ट्रक चालक मऊ घूरा कोतवाली बिधूना निवासी शब्बीर (36) पुत्र औसद ट्रक की मरम्मत के बाद रात उसे क्लीनर रूरूखुर्द बिधूना निवासी अजय (25) पुत्र सदन सिंह के साथ औरैया से लेकर ऐरवाकटरा आ रहा था। जैसे ही उनका ट्रक फफूंद क्षेत्र में 207 माइल स्टोन पर पहुंचा तभी अचानक से आगे जा रहे डंपर के चालक ने ब्रेक लगा दिया। जिससे ट्रक पीछे से डंपर में जा घुसा।