कानपुर में सियासी जमीन मजबूत करने में जुटे एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा है कि दलाल किस्म के लोग अब मुस्लिम वोटों की सौदेबाजी नहीं कर पाएंगे।
रविवार को चुन्नीगंज स्थित जीआईसी मैदान पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश में 100 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की। कहा कि क्षेत्रीय दलों से गठबंधन के रास्ते खुले हैं। छोटे सियासी दलों से भी बात की जाएगी। यह वक्त बताएगा कि कितने दलों से गठबंधन हो पाता है।
ओवैसी ने विरोधी दलों को चेताते हुए कहा कि एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) ने पांच साल में प्रदेश में अपनी जमीन मजबूत कर ली है। किसी दल का नाम लिए बगैर बोले कि मुस्लिम वोटों को बेचने वाले दलाल अब सफल नहीं हो पाएंगे। इसका पता चुनाव में चलेगा।
ओवैसी ने कहा कि जब नौ फीसदी यादव बिरादरी मुलायम सिंह यादव को मुख्यमंत्री बना सकती है तो 19 फीसदी मुसलमान अपने समाज के व्यक्ति को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बना सकते? बात हिस्सेदारी की है। मुस्लिमों को सत्ता में हिस्सेदारी चाहिए। कथित सेक्युलर दल भाजपा का डर दिखाकर मुसलमानों के वोट हथियाते रहे हैं।