कानपुर जिलाधिकारी ने मंगलवार को जिले में बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कहा कि जिले की उत्तरी एवं दक्षिणी सीमा में गंगा और रिंद नदी हैं, जबकि पश्चिम व दक्षिण में यमुना और मध्य में पांडु व नून नदियां हैं। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, गंगा का 114 मीटर का जलस्तर खतरे और 113 मीटर चेतावनी बिंदु है।
तहसील सदर में गंगा से 30 गांव, रिंद से 11, पांडु नदी से 13 गांव प्रभावित होते हैं। बाढ़ की आशंका में निगरानी के लिए सदर में सात चौकियां, घाटमपुर तहसील में 16, बिल्हौर में नौ, नर्वल में तीन चौकिया बनाई जाएंगी। चौकियों में बाढ़ की आशंका वाले गांवों में नाव, लाइफ जैकेट, केरोसिन, माचिस, दवा आदि की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश उन्होंने दिए।
इसके अलावा बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में नदियों का कटान रोकने का प्रबंध करने को कहा। निगरानी के लिए सभी एसडीएम क्षेत्र में दौरा करते रहें। डिजास्टर मैनेजमेंट के अनुसार तैयारी कर लें। बैठक में सीडीओ डॉ. महेंद्र कुमार, चारों तहसीलों के एसडीएम, निचली गंगा नहर, पीडब्ल्यूडी और केस्को के अधिशासी अभियंता, जिला कृषि अधिकारी, एसीएमओ आदि मौजूद रहे।
59 बाढ़ प्रभावित क्षेत्र चिन्हित
फतेहपुर के खागा तहसील सभागार में बाढ़ नियंत्रण को लेकर मंगलवार को बैठक हुई। एसडीएम प्रहलाद सिंह ने लेखपालों व राजस्व निरीक्षकों को बाढ़ रोकथाम के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 59 गांव चिन्हित किए गए हैं। बाढ़ चौकियों के स्थान तय कर दिए गए हैं। राजस्व निरीक्षक और लेखपाल इन बाढ़ चौकियों में जाकर सभी सुविधाओं को मुहैया कराना सुनिश्चित करें। इस मौके पर तहसीलदार गणेश प्रसाद, जितेंद्र सिंह, उमेश तिवारी, ज्ञानेंद्र कुमार, सगीर अहमद, अशोक सिंह, शिवप्रसाद सक्सेना, विद्या भूषण आदि मौजूद रहे।
बाढ़ से बचाव की तैयारियां शुरू
औंग में बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को अभयपुर ग्रामसभा के बड़ा खेड़ा प्राथमिक विद्यालय में हुई बैठक में बिंदकी तहसीलदार चंद्रशेखर सिंह ने बिंदुवार चर्चा की और बाढ़ से बचाव के लिए उपाय साझा किए। बैठक में अभयपुर, आशापुर, गलाथा गांव के प्रधान और संभ्रांत नागरिक शामिल हुए।
बताया गया कि गंगा और पांडु नदी की बाढ़ से अभयपुर के 16 मजरे, आशापुर के दो मजरे, गलाथा के दो मजरे प्रभावित होते हैं। बाढ़ के समय प्रभावितों को बसाने के लिए स्थान चिन्हित किए गए। बैठक में कानूनगो अनेक सिंह, हल्का लेखपाल शुभम सिंह, अभिषेक शिवहरे, संजय सिंह, आशापुर के पूर्व प्रधान राजेश सिंह चौहान, प्रधान रामदास आदि मौजूद थे।