इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक ने शहरी क्षेत्र से जुड़े ग्रामीण इलाकों में आधार कार्ड में मोबाइल अपडेशन की सुविधा शुरू की है। ग्रामीण क्षेत्र के डाक सेवकों को संबंधित गांवों के ग्राम प्रधानों के सहयोग से कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही पांच साल से कम उम्र के बच्चों के नए आधार कार्ड भी बनाए जाएंगे। बच्चों का आधार कार्ड निशुल्क बनेगा। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के जिला प्रबंधक शिशिर मिश्रा ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक होना जरूरी है।
कई लोगों के मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं होते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक ने नई सुविधा शुरू की है। यह सेवा ग्रामीण क्षेत्र के लिए है। शहरी ग्रामीण इलाकों के लोग ग्रामीण डाक सेवकों के माध्यम से अपने आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेशन करा सकेंगे।
इसके लिए डाक सेवकों को स्मार्ट फोन दिए गए हैं। जिसमें मोबाइल एप के जरिए डाक सेवक अपडेशन करेंगे। हालांकि इसके लिए 50 रुपये शुल्क देना होगा। उन्होंने बताया कि पांच साल से कम उम्र के बच्चों के नए आधार कार्ड निशुल्क बनेंगे। इसके लिए बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र और माता-पिता के आधार कार्ड की जरूरत होगी।