मोहिनी चाय ग्रुप में 2 करोड़ 40 लाख रुपये का घोटाला सामने आया है। कंपनी के निदेशक (डायरेक्टर) ने अपने भाई (कंपनी के डायरेक्टर) समेत छह लोगों पर धोखाधड़ी, जालसाजी, गिरोहबंदी समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।
आरोप है कि इन सभी आरोपियों ने मिलकर कोरोना काल में राहत के नाम पर लिए गए अतिरिक्त लोन की रकम में घोटाला किया। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोहिनी टी लीव्ज प्रालि. में रमेश चंद्र अग्रवाल एमडी हैं। रमेश के भाई दिनेश चंद्र और सुरेश चंद्र कंपनी के निदेशक हैं।
दिनेश चंद्र अग्रवाल ने रमेश चंद्र अग्रवाल, उनकी पत्नी, बेटा, बहू, प्रिया वर्मा व जावेद खान के खिलाफ केस दर्ज कराया है। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने राहत के नाम पर लिए गए अतिरिक्त लोन 2 करोड़ 40 लाख रुपये में घोटाला कर दिया। 70 लाख रुपये निजी खाते में भी ट्रांसफर किए। इसकी जानकारी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को नहीं दी गई। कंपनी में दिनेश की बीस फीसदी की हिस्सेदारी है।