कानपुर। काम पूरा कराने और निवेश का भरोसा देकर ठग ने कल्याणपुर निवासी व्यक्ति से 19.46 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
आवास विकास नंबर एक निवासी सुशील दत्त त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के आश्वासन पर उन्होंने काम कराने और निवेश के सिलसिले में अलग-अलग बैंक खातों में कुल 19,46,316 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने न तो तय काम पूरा किया और न ही रुपये वापस किए। इसके बाद संपर्क तोड़ दिया। धोखाधड़ी का संदेह होने पर उन्होंने थाने में शिकायत की। कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। लेनदेन के विवरण और संबंधित बैंक खातों की जांच की जा रही है। (संवाद)