तहसील परिसर में प्रदर्शन करते अकबरपुर के ग्रामीण।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ (कन्नौज)। इलाके के ग्राम अकबरपुर में जीटी रोड किनारे बनाए जा रहे शिव मंदिर में ग्रामीणों ने घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाया है। इससे नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन कर हंगामा किया। एसडीएम से कहा कि मंदिर को आकार में छोटा बनाया जा रहा है।
शुक्रवार को सुधाकर अग्निहोत्री के नेतृत्व में अकबरपुर के ग्रामीण तहसील मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने हाईवे ठेकेदारों के खिलाफ प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि अकबरपुर गांव में जीटी रोड के किनारे सैकड़ों साल पुराना शिव मंदिर है। इस मंदिर से ग्रामीणों को अपार आस्था है। यहां नियमित पूजा-अर्चना की जाती है। यह मंदिर हाईवे के अंतर्गत आने से हटाया जा रहा है। इसके एवज में सरकार ने हाईवे अथॉरिटी को इसके आकार और कीमत का मंदिर निर्माण कराने के लिए धन आवंटित किया है। हाईवे के ठेकेदार छोटे आकार के मंदिर का निर्माण करा रहे हैं। इसमें घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। मंदिर में शिवलिंग की जगह दो लोग एक साथ खड़े नहीं हो सकते हैं। इस दौरान हरिओम चौरसिया, शिवम मिश्रा, गोविंद चौरसिया, आशीष चौरसिया, संजीव कुमार चौरसिया, राजीव कुमार, पंकज चौरसिया व राजीव सैनी सहित कई लोग मौजूद रहे।
समस्या का निराकरण करें परियोजना निदेशक: एसडीएम
एसडीएम देवेश कुमार गुप्त ने बताया कि हाईवे के परियोजना निदेशक को ग्रामीणों की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों की संतुष्टि के बाद ही निर्माण कार्य कराया जाएगा।