पहलपुर्वा गांव में घर में घुसा बारिश का पानी।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सोमवार को तकरीबन दो घंटे की झमाझम बरसात से उमस भरी गर्मी से लोगों ने राहत महसूस की। पखवाड़े भर से बारिश न होने से फसलें सूखने की कगार पर पहुंचने लगी थीं। ऐसे में किसानों के चेहरे खिल उठे। वहीं, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से जगह-जगह जलभराव हो गया। कई इलाकों में घरों में पानी घुसने से लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ीं।
बरसात के साथ ही किसान खेतों की जुताई करने की तैयारी में जुट गए। अगैती फसल बोने के लिए किसान खेत तैयार करने के लिए बारिश की प्रतीक्षा कर रहे थे। इस बारिश से अब जुताई हो सकेगी। वहीं तालग्राम के मवइया मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से जलभराव हो गया। पहलपुर्वा गांव में बारिश का पानी लोगों के घर में घुस गया। लोग बाल्टी से बाहर निकालते नजर आए। कुछ लोग घरों में पानी घुसने से चारपाई पर बैठकर बरसात थमने का इंतजार करते रहे।
यही हाल निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक भवन का रहा। भवन के चारों ओर बरसात का पानी भर जाने से काम बंद हो गया। कर्मचारी पानी बंद होने की प्रतीक्षा करने लगे। इंदरगढ़ कस्बे की गलियां बारिश के पानी से लबालब भर गईं। जिला मुख्यालय पर भी बारिश का पानी कलक्ट्रेट समेत शहर के कई मोहल्लों में भर गया। शेखपुरा मोहल्ले में नाली चोक होने से सड़क के ऊपर से पानी बहने लगा।