रामपुर मझिला गोशाला में बंधे गोवंश।
- फोटो : KANNAUJ
इंदरगढ़ (कन्नौज)। रामपुर मझिला गोशाला में दो दिन से चारा नहीं है। इससे यहां के गोवंश भूख से तड़प रहे हैं। गांव के लोगों का कहना है कि प्रधान और सचिव को सूचना देने के बाद भी चारा मुहैया नहीं कराया गया।
थाना इंदरगढ़ के रामपुर मझिला गांव की अस्थायी गोशाला में दो दिन पहले भूसा व हरा चारा खत्म हो गया। जिम्मेदारों ने यहां के लिए कोई इंतजाम नहीं किया। भूसा और हरा चारा नहीं होने से गोवंश भूखे हैं। लोगों के मुताबिक केयर टेकर रामप्रकाश ने भूसा खत्म हो जाने की सूचना प्रधान और सचिव को दी थी। इन्होंने सुनवाई नहीं की।
वहीं केयर टेकर ने बताया कि पांच माह से मानदेय तक नहीं मिला है। दो दिन से भूसा समाप्त हो जाने की सूचना देने के बाद भी गोशाला में भूसा नहीं आ पाया। वहीं डिप्टी सीवीओ डॉक्टर संजय शाल्या ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी कर गोशाला में भूसा उपलब्ध कराया जाएगा।