अपने ऊपर केरोसिन डालता किरायेदार।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। दुकान के निर्माण का विरोध करते हुए किरायेदार ने खुद पर केरोसिन डाल लिया। वह आग लगाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान पुलिस ने माचिस छीन ली। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। कोतवाल ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए किरायेदार को तीन दिन के अंदर अभिलेख पेश करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को नगर के मोहल्ला ग्रेसीगंज निवासी कमला पत्नी अशोक कुमार पुरानी गल्ला मंडी में डेढ़ साल पहले खरीदी गई दुकान का निर्माण करा रही थीं। कोलियान मोहल्ले के प्रमोद सक्सेना विरोध करने लगे। निर्माण रुकवाने के लिए प्रमोद सक्सेना ने पुलिस बुला ली। प्रमोद का कहना था कि वह पिछले 35 साल से यहां किरायेदार हैं। इस जमीन से जुड़ा मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है।
इस दौरान प्रमोद ने पुलिस के सामने खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया। माचिस निकालकर आग लगाने का प्रयास करने लगे। तभी पुलिस कर्मियों ने प्रमोद से माचिस छीन ली। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। कोतवाल जय प्रकाश शर्मा ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए किरायेदार को तीन दिन के अंदर अभिलेख पेश करने के निर्देश दिए हैं।