अर्चना के घर के बाहर तैनात पुलिस।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज/ मानीमऊ। कूलापुर गांव में महिला की मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इससे वह शव छोड़कर भाग गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लीवर में संक्रमण के चलते मौत की बात सामने आई है।
सदर कोतवाली के कूलापुर निवासी रामविलास ने करीब डेढ़ साल पहले 20 वर्षीय बेटी अर्चना की शादी रामबक्सपुर्वा (मानीमऊ) निवासी राहुल से की थी। करीब चार माह से अर्चना की तबीयत खराब थी। उपचार हो रहा था। शुक्रवार रात अर्चना की मौत हो गई। सूचना पर पिता और परिवार के लोग पहुंच गए। यह राहुल पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। इससे राहुल शव छोड़कर भाग निकला। मामले की जानकारी पर कोतवाल आलोक कुमार दुबे पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कोतवाल ने बताया कि मायके पक्ष के लोग हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अर्चना की मौत लीवर में संक्रमण होने से बताई गई। जांच चल रही है।