स्वीकृति पत्र देते सांसद सुब्रत पाठक।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। विकास भवन सभागार में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टूल किट और मुद्रा योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र दिए गए। समारोह की अध्यक्षता करते हुए सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि आपके हुनर को नई पहचान देना हमारा लक्ष्य है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यकुशलता के आधार, आत्मनिर्भरता और आपकी आय में वृद्धि करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
मुद्रा योजना के अंतर्गत दर्जी, बढ़ई व नाई आदि ट्रेडों में व्यापार को कुशलता से प्रारंभ करने के लिए स्वीकृति पत्र जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने दिए। उन्होंने कामगारों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विश्वकर्मा दिवस पर कवि कुमार, दीपक कुमार को लोहार, मनोज कुमार को राजमिस्त्री, मो. अली, राघवेंद्र सिंह एवं जितेंद्र सिंह को सुनार, बबली को दर्जी और रेखा को हलवाई ट्रेड सहित सात लोगों को टूल किट का वितरण किया गया। मुद्रा योजना के अंतर्गत 12 लोगों को दर्जी ट्रेड में 18.50 लाख, बढ़ई ट्रेड में दो कामगारों को चार लाख, नाई ट्रेड में तीन लोगों को 4.50 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र सांसद सुब्रत पाठक ने दिए।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से देखा गया। मुख्य विकास अधिकारी आरएन सिंह, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग धनंजय सिंह, सहायक आयुक्त उद्योग रुचि शुक्ला, एलडीएम अभिषेक सिन्हा सहित लाभार्थी उपस्थित रहे।