तालग्राम। असेह-सिकंदरपुर मार्ग पर बाइकों की भिड़ंत के बाद घर आ रहे युवक को रास्ते में घेर कर मारपीट की। घायल के पुत्र ने पांच को नामजद करते हुए 10 के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तालग्राम थाना क्षेत्र के अचनकापुर निवासी मनीष ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पिता अरविंद सिंह (52) मंगलवार को सिकंदरपुर से एक बाइक सवार के साथ गांव आ रहे थे। रास्ते में बाइकों की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद दोनों बाइक सवारों के बीच विवाद होने लगा। पिता ने समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया और ऑटो से घर के लिए चल दिए। वह जब असेह के मिनी सचिवालय के पास पहुंचे थे तभी जयसिंह गांव निवासी दीपू, रूपेश, संतोष, पतरे, कमलेश तीन बाइकों पर सवार होकर पांच साथियों के साथ आए और घेरकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही ईंट पत्थर भी चलाएं, जिसमें पिता घायल हो गए। आसपास के लोग दौड़े तो जान से मारने की धमकी देकर चले गए। थाना प्रभारी पारुल चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा गया है।