कन्नौज। जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित आए मरीज को मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बाद 108 एंबुलेंस नहीं मिली। मरीज की हालत गंभीर देख परिजनों ने ऑटो किराये पर किया और मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
जिला अस्पताल में एंबुलेंस का न मिलना कोई नई बात नहीं है। यहां अक्सर इस तरह की समस्या बनी रहती है। रविवार की रात हरदोई जनपद के मल्लावां निवासी बिहारी अपने बुखार से पीड़ित गंभीर पुत्र विकास को जिला अस्पताल लेकर आया। यहां चले उपचार के बाद भी उसे कोई लाभ नहीं हो रहा था। इस पर डॉक्टर ने विकास को मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। मरीज ने पुत्र को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के लिए 108 नंबर पर कई कॉल की पर एंबुलेंस नहीं मिली। कॉल करने में उसका एक घंटा बर्बाद गया।
इस बीच मरीज की हालत बिगड़ती गई तो पिता बिहारी व मां के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में जीटी रोड से निकल रहे ऑटो को रोका। मेडिकल कॉलेज मरीज ले जाने की बात की तो एक ऑटो चालक तैयार हो गया। रात का समय होने से रुपये अधिक लिए पर मरीज मेडिकल कॉलेज पहुंच गया। इस संबंध में प्रभारी सीएमएस डॉ. एपी सिंह का कहना है कि इस संबंध में उनको जानकारी नहीं है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी।