छिबरामऊ। ब्रह्मदेव चबूतरा निर्माण को लेकर कॉलेज प्रबंधक और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ता देख मौके पर सीओ, तहसीलदार पहुंचे। मामला सुलझाने के लिए राजस्व विभाग और चकबंदी विभाग के कर्मचारियों को लगाया गया। इनसे भी कोई नतीजा नहीं निकला।
सराय सुंदर में नेशनल हाईवे चौड़ीकरण में सैकड़ों वर्ष पुराना पीपल का पेड़ आ रहा था। गांव के लोगों ने दूसरी जगह पीपल लगाकर पूजा, अर्चना शुरू कर दी। पीपल के पेड़ के पास चबूतरा निर्माण हो रहा है। निजी विद्यालय के प्रबंधक ने इस भूमि को अपनी निजी बताते हुए आपत्ति की। इस को लेकर प्रबंधक और गांव के लोग आमने-सामने आ गए। विवाद की सूचना पर सीओ शिवकुमार थापा, तहसीलदार अभिमन्यु कुमार, कानूनगो आदित्य दीक्षित, लेखपाल ओमप्रकाश दुबे और चकबंदी लेखपाल भी मौके पर पहुंच गए। कॉलेज प्रबंधक श्रेयस दुबे आराजी को अपनी बता रहे थे। गांव के सीताराम, कुलदीप, ओमप्रकाश, गिरीश चंद्र, रामानंद, सुदीप, अरुण दुबे, पवन, शिवओम, प्रदीप आदि ने भूमि को ग्राम समाज की बताया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौरव दुबे और भाजपा नेता विपिन दुबे ने मौके पर पहुंचकर गांव के लोगों को समझाया। गौरव दुबे ने कहा कि किसी साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। तहसीलदार अभिमन्यु कुमार ने बताया कि विवाद के निस्तारण के लिए राजस्व तथा चकबंदी लेखपाल को लगाया गया है। अभिलेखीय आधार पर दोनों पक्षों से वार्ता कर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।