गुरसहायगंज। कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को अभियान चलाकर कई मनचले युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद में युवकों के परिजनों को बुलाया और चेतावनी देकर उनके सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, एक विद्यालय में बालिकाओं को सुरक्षा की जानकारी दी गई।
विद्यालय और कोचिंग जाने वाली छात्राओं होने वाली छींटाकशी व छेड़छाड़ को लेकर गुरुवार को कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ मनचले युवकों की खबर ली। सीमांत नगर स्थित एक विद्यालय के निकट छुट्टी के दौरान खड़े मनचले युवक को पुलिस ने पकड़ लिया और फटकार लगाई। उसके परिजनों को बुलाकर लिखित में आश्वासन लिया कि भविष्य में यदि छुट्टी के दौरान विद्यालय के पास दिखाई पड़े तो कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान कस्बा समधन निवासी युवक भी तिर्वा रोड के बालिका इंटर कॉलेज के पास छुट्टी के दौरान खड़ा था। पूछताछ में कोई उचित जवाब न देने पर उसके परिजनों को बुलाया गया और लिखित आश्वासन मिलने के बाद छोड़ दिया गया।