कन्नौज। शहर में बुधवार देर रात तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से आटो पर सवार युवक की मौत हो गई। जबकि, दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक के परिजनों ने लोडर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को हंगामा किया। पुलिस ने मामले को शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शहर के तिर्वा क्रासिंग जीटी रोड पर बुधवार रात करीब 11 बजे मिश्रीपुर निवासी अशोक कुमार का बेटा गोल्डी उर्फ सत्यम (30), और तुलाराम निवासी अखिलेश यादव और हरिनाथ यादव आटो से कन्नौज की ओर जा रहे थे। इस दौरान कानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने आटो में टक्कर मार दी। हादसे में गोल्डी उर्फ सत्यम की मौत हो गई। अखिलेश और हरिनाथ घायल हो गए।
सदर कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने दोनों को कानपुर रेफर कर दिया। इधर, गुरुवार को गोल्डी के परिजनों ने लोडर चालक की गिरफ्तारी को लेकर जिला अस्पताल में हंगामा किया। कोतवाली प्रभारी ने गिरफ्तारी का भरोसा देकर मामला शांत कराया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए लोडर चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।