सौरिख। विकास खंड हसेरन के जरियापुर गांव में खराब खाना खाने से बेटियों समेत पिता की हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज तिर्वा भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है और मरीजों की हालत में सुधार है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने गांव में कैंप लगाकर लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उनको दवाएं वितरित की हैं।
विकास खंड हसेरन के जरियापुर गांव में शनिवार सुबह बनाए गए खाने को दोपहर में खाए जाने से सुखपाल सिंह पाल व उनकी बेटियां मधु पाल व शबनम की हालत बिगड़ गई थी। रविवार को सीएचसी में भर्ती कराया गया था और फिर घर भेज दिया गया था। सोमवार को अचानक हालत बिगड़ने पर तीनों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा भर्ती कराया गया था। हसेरन सीएचसी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जगदीश निर्मल ने बताया कि मरीजों की हालत में सुधार है और उनका इलाज चल रहा है। वहीं मंगलवार को गांव में डॉ सुधांशु त्रिपाठी, फार्मासिस्ट संजय यादव, प्रधान रविंद्र कुमार, आशा मीरा देवी, मुन्नी देवी पहुंची और स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीणों की जांच के दौरान 55 मरीज सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित पाए गए, जिन्हें दवाई वितरित की गईं।