कन्नौज। कमरा बंद कर शहर के परचून कारोबारी के 16 वर्षीय बेटे ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो खून से लथपथ शव देखकर कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है।
शहर के मोहल्ला बगिया फजल इमाम राजश्री टाकीज निवासी दिलीप कुमार परचून कारोबारी हैं। मंगलवार रात करीब आठ बजे किसी बात से आहत होकर 16 वर्षीय बेटे मांशू ने अपने कमरे का अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद कनपटी से सटाकर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मामले की जानकारी पर कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे पहुंच गए। खून से लथपथ शव के पास से तमंचा उठाकर कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल ने बताया कि किसी बात से नाराज होकर मांशू ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दरवाजा तोड़कर शव और तमंचा बरामद कर लिया गया। पूरे मामले की छानबीन शुरू की गई है।