Farrukhabad MP survived the accident
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। दिल्ली से लौटते समय कार के सामने अचानक नीलगाय आने से फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत और अलीगंज नगरपालिका चेयरमैन ब्रजेश गुप्ता हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। हालांकि नीलगाय के कूदने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार अलीगंज नगरपालिका चेयरमैन ब्रजेश गुप्ता की थी। मामले की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद सांसद पीछे आ रही अपनी कार से फर्रुखाबाद रवाना हो गए।
फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत शनिवार की रात दिल्ली से वापस अपने घर फर्रुखाबाद जा रहे थे। सांसद मुकेश राजपूत एटा जिले की अलीगंज नगरपालिका के चेयरमैन ब्रजेश गुप्ता की कार में उनके साथ बैठे थे। सांसद की कार पीछे-पीछे आ रही थी। एक्सप्रेसवे पर सौरिख कट से उतरने के बाद वह छिबरामऊ की तरफ आ रहे थे। सौरिख रोड पर बाबा की बगिया मंदिर के सामने कार के सामने अचानक नीलगाय आ गई।
नीलगाय तेज रफ्तार कार के ऊपर चढ़ गई। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि सांसद मुकेश राजपूत और चेयरमैन ब्रजेश गुप्ता बाल-बाल बच गए। कार चालक प्रमोद कुमार चला रहा था। जानकारी पाकर कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा और एसआई अजब सिंह मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में फर्रुखाबाद के लोग भी जानकारी पाकर आ गए। बाद में सांसद अपनी कार से फर्रुखाबाद के लिए रवाना हो गए। क्षतिग्रस्त कार कोतवाली में खड़ी करा दी गई।