छिबरामऊ। कस्बा सौरिख से लगभग 45 दिन पहले अपहृत हुई पुत्री की तलाश में भटक रहा सूबेदार पिता गुरुवार को राज्यमंत्री अर्चना पांडेय से मिला और पुत्री की बरामदगी की गुहार लगाई।
सेना में सूबेदार के पद पर तैनात फौजी की पुत्री 25 मई को अचानक अपहृत हो गई। मामले की रिपोर्ट उसके पुत्र ने ग्राम कबीरपुर निवासी महीन मियां व उसके साथियों के खिलाफ दर्ज कराई। सेना के अधिकारियों का दबाव बढ़ने पर पुलिस ने आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया लेकिन सूबेदार की पुत्री की बरामदगी का कोई प्रयास नहीं किया। पुत्री की बरामदगी को लेकर सूबेदार अपने परिजनों के साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की चौखट की धूल फांकता घूम रहा है। लेकिन कहीं उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। गुरुवार को सूबेदार अपने पुत्र व अन्य परिजनों के साथ राज्यमंत्री अर्चना पांडेय के आवास पर उनसे मिला और पुत्री की बरामदगी की गुहार लगाई। फौजी के अनुसार पुलिस ने अभी तक अभियुक्तों को रिमांड पर लेने की कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है। यदि पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ करें तो निश्चित है कि उसकी पुत्री का सुराग लग सकता है। राज्यमंत्री ने उसे न्याय का पूरा भरोसा दिलाया।