अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। नेशनल हाईवे पर गुरुवार को बाइक सवार बदमाशों ने युवक की कनपटी पर तमंचा लगाकर 1800 रुपये और बाइक लूट ली। जाते वक्त बदमाशों ने युवक पर फायर झोंक दिया। हाथ में गोली लगने से युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।
औरैया के फफूंद कस्बा निवासी संदीप अवस्थी गुरुवार सुबह इटावा जेल में बंद रिश्तेदार अमन मिश्रा से मिलने के लिए बाइक से इटावा आ रहा था। जब वह सुबह करीब छह बजे हाईवे पर बकेवर के आगे निकलकर इटावा की ओर बढ़ा। तभी पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। संदीप ने बताया कि बाइक से उतरे दो बदमाशों ने कनपटी में तमंचा लगाकर उसकी पिटाई की और जेब से 18 सौ रुपया नगद, बाइक व मोबाइल लूट लिया।
संदीप के विरोध करने पर लुटेरों ने फायर झोंक दिया। गोली संदीप के हाथ में लगते ही बदमाश भाग गए। संदीप ने बताया कि तभी एक राहगीर उधर से गुजरा तो उसने उसे घटना की जानकारी दी। उसी के मोबाइल से इटावा में रहने वाले दोस्त को जानकारी दी।
वह किसी तरह से इटावा आया और दोस्त के साथ जिला अस्पताल पहुंचा जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। पूछताछ के दौरान वह इतना नहीं बता सका कि घटना किस स्थान पर हुई। अभी उसने पुलिस को इस संबंध में तहरीर नहीं दी है।