छिबरामऊ। प्रेमपुर चौकी क्षेत्र के डालूपुर सुल्तानपुर गांव में खेत में मवेशी घुसने पर दलित के परिवार को बेरहमी से पीटा। मारपीट में महिला बेहोश हो गई जबकि उसके बेटे का हाथ टूट गया। परिवार का एक अन्य युवक घायल हो गया। पुलिस नेएनसीआर दर्ज की है।
ग्राम डालूपुर सुल्तानपुर निवासी आदेश कुमार बाल्मीकि का बेटा अभिलाख (20) मवेशी चराने के लिए गया था। शाम को वह वापस घर आया, तो गांव के ही कुलदीप सिंह परिवार के कई लोगों के साथ उसके घर आ गए और उसे पीटना शुरू कर दिया।
मारपीट में उसका हाथ टूट गया। बचाने गई मां भाग्यवती को भी बेरहमी से पीटा। जिससे वह बेहोश होकर वहीं गिर गई। मारपीट में सुमित पुत्र नेत्रपाल भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। एसएसआई राजेश सिंह राठौर ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश प्रेमपुर चौकी इंचार्ज को दिए गए हैं।