कन्नौज। दोस्त और उसके बच्चों का इलाज कराने के लिए रिटायर्ड शिक्षक ने हरिद्वार की संस्था से संपर्क किया। कुछ देर बाद संस्था के नाम पर युवक ने कॉल कर बैंक खाते में दो बार में 60 हजार रुपये मंगवा लिए। बाद में मोबाइल बंद कर लिया। पीड़ित ने सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भुन्ना गांव के निवासी रिटायर्ड शिक्षक रामसेवक ने बताया कि दोस्त अजय सिंह यादव और उसके बच्चों के इलाज के लिए हरिद्वार की संस्था के नंबर पर चार अक्तूबर को कॉल की थी। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से एक युवक ने बात की। उसने रजिस्ट्रेशन करने के लिए आधार नंबर मांगा। नंबर देने के बाद युवक ने बैंक खाते में 40 हजार रुपये डालने के लिए कहा। इस पर सात अक्तूबर को 40 हजार रुपये युवक के खाते में डाल दिए।
इसके बाद युवक ने एमआरआई व सीटी स्कैन कराने के लिए 20 हजार रुपये खाते में और मंगा लिए। अजय बच्चों के साथ बताई जगह पर पहुंचे तो युवक ने फोन बंद कर लिया। रामसेवक ने सदर कोतवाली में अज्ञात युवक के खिलाफ ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।