तालग्राम(कन्नौज)। अनुभूति और हैप्पीनेस पाठ्यक्रम की कार्यशाला के लिए प्रदेश स्तर पर बनी पांच सदस्यीय टीम में तालग्राम के शिक्षक आशुतोष दुबे का चयन हुआ है। राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ ने बीएसए को पत्र भेजकर 26 नवंबर तक कार्यशाला में शामिल होने के लिए कहा है।
तालग्राम के कंपोजिट विद्यालय के शिक्षक आशुतोष दुबे ने बताया कि कोठारी आयोग, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-1986, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या- 2005 एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में मूल्य आधारित शिक्षा के लिए कहा गया है। मूल्य आधारित शिक्षा पर अब तक स्थायी पाठ्यक्रम नहीं बना है। इससे समाज में भय, रिश्तों में तनाव एवं अविश्वास पैर पसार रहा है।
विश्वास, सम्मान, कृतज्ञता, ममता और स्नेह जैसे पांच मूल्यों पर आधारित अनुभूति/हैप्पीनेस पाठ्यक्रम को तैयार करने के लिए प्रभारी राज्य परियोजना विशेषज्ञ डॉ. सौरभ मालवीय के साथ टीम के सदस्य व गोरखपुर जनपद के शिक्षक श्रवण कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में कार्य हो रहा है। पहले चरण में अन्य राज्यों में संचालित हैप्पीनेस पाठ्यक्रम की समीक्षा होगी।