जिला अस्पताल में भर्ती बुखार के मरीज।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले में डेंगू थम नहीं रहा है। एलाइजा जांच में 27 मरीजाें में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं बुखार से शनिवार को न्यायालय कर्मी और एक ग्रामीण की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू प्रभावित 18 मोहल्लों और गांवाें में कैंप लगा कर मरीजों की जांच कर उपचार दिया। जिला अस्पताल में 12 मरीजों के रैपिड टेस्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। अब इनकी एलाइजा जांच कराई जाएगी। जिले में अभी तक 293 में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। 2483 बुखार से पीड़ित हैं। 4834 ठीक हो चुके हैं।
बुखार से शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायालय के वरिष्ठ लिपिक जय भीम सिंह मौर्य(38) की मुरादाबाद के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह अमरोहा के मोहल्ला भीमनगर कुरैशी के मूल निवासी थे। चार दिन पहले बुखार से हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी तरह सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव वछज्जापुर निवासी पंकज(24) को चार दिन पहले बुखार आया था। वह घर में इलाज करा रहे थे। शनिवार सुबह मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि पंकज चार माह पहले टीबी रोग की चपेट में आ गए थे। इलाज चल रहा था। इसी बीच बुखार से मौत हो गई।
वहीं अपर निदेशक चिकित्सा ने शहर व गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया कि गांवों और शहर में गंदगी बढ़ रही है। 20 से 25 दिन में सर्द मौसम होने पर डेंगू और बुखार में कमी आ जाएगी। इस बीच लोग खुद का बचाव करें।