झांसी। शनिवार को मिशन शक्ति फेज-3 का शुभारंभ पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड से हुआ। इस अवसर पर फेज एक और दो के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वालीं महिला पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान परेड ग्राउंड में महिला पुलिस कर्मियों ने एलएमजी व अन्य हथियारों की असेंबलिंग कर चलाकर दिखाया। इसके बाद महिला पुलिस कर्मियों ने दो पहिया व चार पहिया वाहनों पर सवार होकर शहर में रूट मार्च किया। रूट मार्च के दौरान महिला पुलिस कर्मी अत्याधुनिक उपकरणों व हथियारों से लैस नजर आईं। साथ ही चौपहिया वाहन भी महिला पुलिस कमियों ने चलाए।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विधायक राजीव सिंह पारीछा व बिहारी लाल आर्य, बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला समेत मंडलायुक्त अजय शंकर पांडेय, डीआईजी जोगेंद्र कुमार, डीएम आंद्रा वामसी, एसएसपी शिवहरि मीणा, एसपी ग्रामीण नैपाल सिंह, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी, सीओ राजेश कुमार सिंह व आभा सिंह आदि मौजूद रहीं।