फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मद्रासी कॉलोनी में पानी का संकट, आक्रोशित लोगों ने जाम लगाया

विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। बड़ागांव गेट बाहर मद्रासी कॉलोनी में पानी का संकट है। पाइपलाइन नहीं होने के कारण टैंकर या हैंडपंप ही पानी का सहारा है। दो दिन से यहां के निवासी करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सखी के हनुमान मंदिर के पास से लोडिंग गाड़ी में पानी भरकर ला रहे हैं। इससे नाराज लोगों ने सोमवार को नारायण बाग सड़क पर जाम लगा दिया। जाम सुबह से शाम करीब चार बजे तक लगा रहा। बाद में उन्हें पानी के टैंकर पहुंचाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद जाम खोल दिया गया। जाम के कारण लोग परेशान रहे।
विज्ञापन

महानगर के बाहरी छोर पर बसी मद्रासी कॉलोनी में करीब पांच हजार लोग निवास करते हैं। यहां सड़कें पक्की बनी हैं। यहां रहने वाले या तो छोटी- मोटी दुकान चलाते हैं, या फिर अन्य कार्य करते हैं। यहां पर पानी की पाइप लाइन नहीं है। इस कारण पूरा क्षेत्र हैंडपंप पर निर्भर हैं। क्षेत्र में तीन हैंडपंप लगे हैं।
मोहल्लेवालों को सुबह से काम पर जाना पड़ता है, इसलिए पानी भरने का काम वापस लौटकर पूरा होता है। कोई सुबह चार बजे से तो कोई रात में काम से फुरसत होकर पानी भरता है। पानी भरने के लिए डेढ़ किलोमीटर दूर सखी के हनुमान मंदिर तक जाना पड़ता है। अधिकतर लोग एक लोडिंग गाड़ी में पानी के डिब्बे भरकर लाते हैं। मोहल्ले वालों का कहना था कि यहां पर पानी का टैंकर आता था, जिससे लोगों को परेशानी नहीं थी। लेकिन टैंकर बंद हो गया है। अब उनकी समस्या कोई सुनने वाला नहीं है। मौके पर पहुंचे जलसंस्थान के अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम खुल सका। इस मौके पर सीमा, पुष्पा, सोनू, आबिद, ममता, सुरेश आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

पानी की बेहद परेशानी है। कई साल हो गए हैं। नेता आते हैं और बड़ी- बड़ी बातें करके चले जाते हैं। कोई कहता है कि एक साल बाद पानी मिलेगा, तो कोई दो साल की बात करता है।
- बृजेश चतुर्वेदी
परेशानी झेलते कई साल हो गए। लेकिन अब तक इसका कोई समाधान नहीं निकल सका है। डिब्बों में पानी भरकर लाना पड़ रहा है। हैंडपंप पर भीड़ होने के कारण पानी भरने में समय खराब होता है।
- गिरजा रजक
बहुत परेशानी है। कहने को तो हम नगर निगम क्षेत्र में रहते हैं, लेकिन पानी की समस्या कोई दूर नहीं कर पा रहा है। नेता भी झूठे वायदे करके निकल जाते हैं। पानी का समाधान समझ में ही नहीं आ रहा है।
- आकाश
लोडिंग गाड़ी से सखी के हनुमान मंदिर से पानी भरकर लाना पड़ता है। आसपास के घरों के डिब्बे इकट्ठे करके पानी लाया जाता है। कई बार तो साइकिल से पानी जुटाना पड़ता है। लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा।
- केशव
लक्ष्मी तालाब घर से काफी दूर है, पानी का कोई साधन नहीं होने के कारण यहां तक आना पड़ता है। आश्वासन तो खूब मिल रहे हैं, लेकिन पानी कब मिलेगा इस बारे में कोई नहीं बोलता है।
- वंदना
शुक्रवार को ट्यूबवेल की एक मोटर खराब हो गई थी। शनिवार को एक और मोटर खराब हो गई। इस कारण पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। अगले दिन रविवार के कारण काम नहीं हुआ। सोमवार को मोटर सुधारने का काम किया गया। उम्मीद है कि मंगलवार से पानी की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
विज्ञापन

- किशोरी प्रसाद रायकवार
पार्षद वार्ड नंबर 50
ट्यूबवेल की मोेटर जल गई है। उसे रिपेयर कराया जा रहा है। जल्द ठीक हो जाएगी।
- अनिल कुमार, सहायक अभियंता
जल संस्थान
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें