झांसी। आरपीएफ ने बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर एस्केलेटर के पास खेल रहे तीन साल के बच्चे को बरामद किया। तमाम प्रयासों के बाद भी बच्चे के माता पिता का पता नहीं लग सका। दो अन्य बालकों को भी बरामद किया गया, जो घर से भाग आए थे।
आरपीएफ उपनिरीक्षक राजकुमारी गुर्जर व अन्य स्टाफ प्लेटफार्म एक पर गश्त कर रहा था, तभी एस्केलेटर के पास उनको एक तीन साल का बच्चा खेलता मिल गया। आसपास बैठे यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन बच्चा किसके साथ है, इस बात का पता नहीं लग सका। पूछताछ कार्यालय से कई बार उद्घोषणा कराई गई, लेकिन उसे लेने कोई नहीं आया। बच्चा अपने माता- पिता व घर के बारे कुछ बता भी नहीं पा रहा है।
इसी तरह नई दिल्ली से हबीबगंज जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस में आरपीएफ स्क्वॉड को एक किशोर (17) भटकता मिल गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह ग्वालियर के चंद्रबनी सिंधिया नगर का रहने वाला है और चाचा की डांट के कारण बिना बताए घर से चला आया। इधर, आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक संजय प्रताप कुशवाहा ने प्लेटफार्म दो-तीन के छोर पर उरई के हड़्डी मिल के पास रहने वाले एक बालक (10) को बरामद किया। बालक ने बताया कि उसके पापा साथ नहीं रहते हैं। वह नाना- नानी के पास मम्मी के साथ रहता है। नाना पढ़ाई के लिए डांटते हैं। इसलिए घर छोड़कर चला आया। आरपीएफ ने तीनों बच्चों को आवश्यक कार्रवाई के बाद चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया है।