झांसी। मंडल के आरक्षण केंद्रों पर कर्मचारी कैशलेस भुगतान लेने से मना नहीं कर सकेंगे। यात्री की मांग पर उनको पॉश मशीन से ऑनलाइन भुगतान लेना होगा। मंगलवार को इस संबंध में सख्ती से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
रेल मंडल के झांसी, ग्वालियर, डबरा, दतिया, तालबेहट, उरई, बबीना, ललितपुर, महोबा, बांदा, मुरैना स्टेशन समेत 30 स्थानों पर आरक्षण काउंटर खुले हैं। सभी जगह कैशलेस भुगतान के लिए एक- एक पॉश मशीन लगाई गई है। रेल प्रशासन को शिकायतें मिल रहीं थीं कि कई जगह आरक्षण कार्यालय में पॉश मशीनों से कर्मचारी भुगतान नहीं ले रहे हैं। इस संबंध में मंगलवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (द्वितीय) अखिल शुक्ला ने सभी वाणिज्य निरीक्षक व मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक को आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि आरक्षण केंद्रों पर किसी भी यात्री को कैशलेस पीओएस मशीन द्वारा आरक्षित टिकट बनाने से मना नहीं किया जाए। यह कोई भी कर्मचारी ऐसा करने से मना करता है तो उसके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।
दो ट्रेनें रहेंगी निरस्त
झांसी। आगरा मंडल के मनिया स्टेशन पर तीसरी लाइन पर इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग का काम होना है। इस कारण झांसी और आगरा के बीच संचालित अप और डाउन की दो ट्रेनें 18 व 19 नवंबर को निरस्त रहेंगी। इनमें 11807/11808 झांसी आगरा कैंट एक्सप्रेस व 11901/11902 आगरा कैंट झांसी एक्सप्रेस शामिल हैं।
हैदराबाद से गोरखपुर के बीच चलेगी ट्रेन
झांसी। हैदराबाद गोरखपुर के बीच छठ फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन होगा। यह ट्रेन अपना एक फेरा पूरा करेगी। इनमें ट्रेन नंबर 02575 हैदराबाद से 19 नवंबर व 02576 गोरखपुर 21 नवंबर को चलेगी। इस ट्रेन में विभिन्न श्रेणियों के 22 कोच लगेंगे।