झांसी। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत झांसी शहर में भी पर्यटकों को लुभाने के लिए बड़े शहरों में चलने वाली खुली बस चलेंगी। इसके साथ ही टूरिस्ट सर्किट भी तैयार होगा। इसके लिए छह इलेक्ट्रिक कार चलाए जाने की योजना है। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। दो बसों को खरीदे जाने की प्रक्रिया भी आरंभ हो गई है।
झांसी की ऐतिहासिकता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन यहां पर्यटन को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। पर्यटकों को लुभाने के लिए झांसी में भी हॉफ ऑन एंड हॉफ ऑफ बस चलाने की योजना है। मुंबई, पुणे, भोपाल जैसे बड़े शहरों में यह बस चलाई जा रही है। पर्यटकों की सहुलियत के लिए बस ऊपर खुली रहती हैं। ऊपर बैठकर पर्यटक घूमते हुए पूरे शहर का नजारा ले सकेंगे। शुरूआत में दो बसें यहां मंगवाई जा रही हैं। इसकी निविदा प्रक्रिया आंरभ कर दी गई। उम्मीद जताई जा रही कि इस वर्ष के भीतर यह दोनों बसें यहां पहुंच जाएंगीं। इसी तरह पांच इलेक्ट्रिक कार भी पर्यटकों के लिए चलाने की योजना है। इनके लिए अलग से टूरिस्ट सर्किट तैयार किया जा रहा है। इसमें दतिया, ओरछा समेत झांसी के अहम इलाकों को शामिल किया गया है। एक कार की करीब साढ़े सोलह लाख रुपये की लागत होगी। यह इलेक्ट्रिक कार पर्यटक अपनी सुविधा के तौर पर बुक करा सकेेंगे। इससे आय होने की भी उम्मीद है। पर्यटकों को लुभाने के लिए किले के आसपास की जगह का भी सौन्दर्यीकरण कराया जा रहा है। किले को रोशन करने के लिए फसाड लाइटें लगाई जाएंगी। अपर नगर आयुक्त शादाब असलम का कहना है कि स्मार्ट सिटी के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई योजना बनाई गई हैं। किले के सौन्दर्यीकरण का काम अगस्त में कर लिया जाएगा। वाहनों के लिए भी प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।