झांसी। पीएम आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बन रहे आवासों के डेढ़ सौ आवंटी अब सामने ही नहीं आ रहे हैं। यह आवंटी अपने हिस्से की किस्त नहीं चुका रहे हैं। जेडीए इनको कई दफे नोटिस जारी कर चुका लेकिन, इसके बावजूद यह आवंटी किस्त चुकाने को राजी नहीं हैं। इसके चलते इनके आवंटन में नया पेच फंस गया है।
झांसी विकास प्राधिकरण को प्रधानमंत्री आवासीय योजना के अंतर्गत कुल 756 आवास बनाने हैं। करारी में पहले चरण में 400 आवास बनवाए जा रहे हैं। इस आवासीय योजना के जरिए महज साढ़े चार लाख रुपये में बेघर परिवारों को आवास दिया जाना है। ढाई लाख रुपये की सब्सिडी सरकार की ओर से दी जा रही है जबकि शेष दो लाख रुपये आवंटी को अपनी ओर से मिलाने होंगे। सरकार ने आवंटियों को दी जाने वाली सब्सिडी प्राधिकरण को हस्तांरित कर दी लेकिन, करीब तीन माह बीत जाने के बाद इन 400 आवंटियों में 150 आवंटी ऐसे सामने आए, जिन्होंने कई बार की नोटिस देने के बावजूद पैसा जेडीए को नहीं दिया। इनमें कई आवंटी ऐसे भी हैं जिनके लिए दो लाख रुपये देना भी भारी है। वहीं, इनकी ओर से किस्त न चुकाने से अब नया पेंच फंस गया। प्राधिकरण अफसरों का कहना है जिनके नाम सब्सिडी दी गई, उनके किस्त न चुकाने पर आवंटन प्रक्रिया फिर दुहरानी पड़ेगी। इस वजह से यह काम पूरा होने में समय का बढ़ना तय है जबकि यह दिसंबर तक यह काम पूरा करना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राधिकरण ने पिछले वर्ष कार्य आरंभ कराया था। जेडीए ही लाभार्थियोें को आवास बनाकर देगा। उपाध्यक्ष सर्वेश दीक्षित का कहना है कि जिन आवंटी ने अपनी किस्त जमा नहीं की, उनको फिर से नोटिस भेजी जाएगी। अगर निश्चित समयसीमा तक उनकी ओर से किस्त जमा नहीं हुई तब अगली सूची तैयार की जाएगी।