झांसी। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को मंडी समिति क्षेत्र के ग्रामीण अवस्थापना केंद्रों में निर्मित विभिन्न भंडारण क्षमता के पांच गोदामों तथा चिरगांव के रामनगर गोदाम का आवंटन किया गया। इससे समिति को 46.70 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक संजय पांडेय की अध्यक्षता में अंबाबाय, गढ़मऊ, बछौनी, पुनावली, दिगारा एवं मानपुर में निर्मित छह गोदामों में से पांच का आवंटन विकास भवन सभागार में किया गया। इससे समिति को राजस्व के रूप में कुल 39 लाख रुपये मिले। वहीं चिरगांव क्षेत्र के ग्रामीण अवस्थापना केंद्र में निर्मित रामनगर भंडारण केंद्र के आवंटन से समिति को 7.70 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई। आवंटन समिति के सदस्य अपर जिलाधिकारी न्यायिक संजय कुमार पांडेय, उप जिलाधिकारी मोंठ सान्या छावड़ा, संभागीय उप निदेशक प्रशासन शिवमंगल सिंह चंदेल, उप निदेशक निर्माण महेंद्र कुमार, संभागीय लेखाधिकारी मंडी परिषद विनय कुमार सिंह एवं चिरगांव मंडी समिति के अध्यक्ष कृष्णकांत श्रीधर समेत तमाम व्यापारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडी समिति के संयोजन सचिव पंकज कुमार शर्मा ने किया।