झांसी। इजराइल से आई पाल्गेमैम कंपनी की टीम और भूगर्भ जल विभाग के उपनिदेशक ने सहयोग योजना के अंतर्गत चयनित किए गए बबीना ब्लाक के ग्राम गंगावली का निरीक्षण किया। गांव में पहुंचकर टीम ने किसानों से बात कर खेतों में सिंचाई के बारे में जाना। गांव में किन- किन फसलों का उत्पादन होता है, इस बारे में जानकारी ली। टीम ने कहा कि गांव में ड्रिप सिंचाई को बढ़ावा देंगे, जिससे फसलों में कम से कम पानी में भी अच्छी पैदावार होगी।
बुंदेलखंड में पानी की कमी दूर करने के लिए प्रदेश सरकार और इजराइल के जल संसाधन मंत्रालय के बीच सहयोग योजना चल रही है। इसका उद्देश्य बुंदेलखंड में पानी के संकट से जूझ रहे क्षेत्र के लिए पेयजल और सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराना है। इसके लिए भारत - इजराइल बुंदेलखंड जल परियोजना विकसित की जा रही है। जिले के दौरे पर आए भूगर्भ विभाग के उपनिदेशक वीके उपाध्याय, इजराइल के ओर शेल्टेली, अवी शानी और डा. लियोर आसफ ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ ग्राम गंगावली का निरीक्षण किया। बताया कि गांव में पायलट परियोजना के अंतर्गत वर्षा जल के आकलन के लिए पीजोमीटर स्थापना की जाएगी। कृषि विभाग द्वारा फसल चक्र की जानकारी और उद्यान विभाग द्वारा बागवानी फसल पैटर्न की जानकारी दी गई। टीम के सदस्यों ने ड्रिप सिंचाई के माध्यम से हो रही स्ट्रॉबेरी की खेती के बारे में जानकारी ली।
इससे पहले गांव में पहुंचने पर टीम के सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर उप निदेशक कृषि के के सिंह, भूगर्भ विभाग के सहायक अभियंता शशांक शेखर सिंह, लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता महेश बधानी, लक्ष्मीकांत अवस्थी आदि मौजूद रहे।