झांसी। दो पक्षों के बीच चल रहे जमीनी विवाद के बाद एक पक्ष ने पिता-पुत्र के ऊपर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। उन दोनों की बुरी तरह से पिटाई की गई। गंभीर हालत में पिता-पुत्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां दोनों का इलाज चल रहा है।
थाना नवाबाद के जीवनशाह दरगाह निवासी इस्लाम (54) अपने पुत्र रईस (28) के साथ जमीन का कारोबार करता है। किसी काम से वह अपने पुत्र के साथ नई तहसील गया हुआ था। शाम करीब चार बजे वह दोनों अपना काम निपटाकर बाहर लौट रहे थे। इसी दौरान तहसील के पास ही चार लोगों ने दोनों को घेर लिया। घायल इस्लाम के मुताबिक उन लोगों ने लाठी-डंडे से प्राणघातक हमला किया। दोनों के ही पीठ, हाथ एवं पांव में काफी चोट आई है। रईस की आंख के पास भी गंभीर चोट आ गई। मारपीट के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।