झांसी। ग्वालियर और आसपास स्टेशनों पर कार्यरत कर्मचारियों या उनके परिजनों को बीमारी की हालत में यदि दिल्ली या दूसरी जगह रेफर किया जाता है, तो उनको अनुमति के लिए झांसी स्थित मंडल चिकित्सालय तक नहीं आना पड़ेगा। अब ग्वालियर चिकित्सालय के चिकित्सक फैक्स या ई मेल के माध्यम से ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से अनुमति मांग सकेंगे। इस सुविधा का ढाई हजार से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
ग्वालियर, डबरा, आंतरी, वानमोर, अनंत पेठ, बिरला नगर, श्योरपुरकलां समेत 30 से अधिक स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारी और उनके परिजनों को बीमार होने पर ग्वालियर स्थित रेलवे चिकित्सालय इलाज के लिए जाना पड़ता है। अगर किसी मरीज की हालत गंभीर होती है, तो उसे तुरंत दिल्ली, आगरा या किसी दूसरे बड़े शहर में रेफर किया जाता है। ऐसे में मरीज या उसके तीमारदार को रेफर लेटर बनवाने के लिए झांसी स्थित मंडल रेल चिकित्सालय आना पड़ता था। नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन कर्मचारियों की इस समस्या को उठा रहा था। पिछले दिनों प्रयागराज में हुई पीएनएम बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गई। इस पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने समस्या को समझा और निर्णय लिया गया कि अब ग्वालियर चिकित्सालय के चिकित्सक रेफर मामलों में फैक्स या ई मेल पर ही सीएमएस की अनुमति ले लें, जिससे मरीज या उनके तीमारदार को परेशान नहीं होना पडे़गा।